Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

19.3.13



थोथा चना बाजे घना साबित हो रहीं हैं शिवराज की घोषणायें: तीन
तीन साल पहले मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गयी थोक सब्जी मंड़ी में एक ईंट भी नहीं लगी
सिवनी। घोषणायें तो दूर प्रदेंश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने जिस थोक सब्जी मंड़ी का शिलान्यास 2009 में किया था उसमें आज तक एक ईंट भी नहीं लग पायी हैं। आकाशवाणी केन्द्र की घोषणा भी महज घोषणा बन कर ही रह गयी हैं।
पूरे प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की छवि एक घोषणावीर मुख्यमंत्री की बन कर रह गयी हैं। सिवनी जिले में भी आलम कुछ अलग नहीं हैं। कई घोषणायें ऐसी हैं जो महज शिवराज सिंह जी के मुंह से निकल कर भर रह गयीं हैं उन पर आज तक अमल नहीं हुआ हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विगत 21 अक्टूबर 2009 को सिवनी आये थे। इसी दौरे में शिवराज सिंह ने बीज निगम के प्रांगण में थोक सब्जी मंड़ी का भूमि पूजन किया था। यहां यह विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं कि नगर में थोक सब्जी मंड़ी की समस्या बहुत पुरानी हैं। एक सर्व सुविधा युक्त थोक सब्जी मंड़ी की मांग लंबे अर्से से की जा रही थी। 
जब मुख्यमंत्री ने इसका भूमि पूजन किया तो भाजपा के कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने अखबारों में लंबी लंबी विज्ञप्तियां जारी करके उनका आभार व्यक्त किया था। लेकिन इन तीन सालों में उसमें एक ईंट भी क्यों नहीं लगी? इसकी चिंता किसी ने भी नहीं की हैं। अब तो शायद भूमिपूजन के पत्थर को भी तलाशने जायेंगें तो पता नहीं कहां वो धूल खाता दिखेगा।
इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 27 अप्रेल 2008 को स्थानीय पॉलेटेक्निक मैदान में मंच से यह घोषणा की थी कि सिवनी में आकाश वाणी केन्द्र खुलेगा। हालांकि आकाशवाणी केन्द्र खोलने का काम केन्द्र सरकार का है लेकिन राज्य सरकार या मुख्यमंत्री की ओर से इस दिशा में क्या कार्यवाही की गयी? इसका खुलासा भी आज तक नहीं हुआ हैं और ना ही किसी भाजपा नेता ने अपने ही मुख्यमंत्री को इस बाबद याद दिलानें की ही कोई कोशिश की हैं।  
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 जुलाई 2008 को लखनादौन में आचार संहिता लागू होने की संभावना को देखते हुये कोई घोषणा तो नहीं की थी फिर भी उन्होंने यह जरूर कहा था कि अगली सरकार भी हमारी ही बनेगी तब मध्यप्रदेश देश का नंबंर एक प्रदेश और सिवनी प्रदेश का नंबंर एक जिला बनेगा।
जिस जिले में मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से की गयी घोषणायें ही पूरी ना हुयीं हो तो भला वह प्रदेश का नंबंर एक जिला कैसे बन सकता है? हां यह जरूर हो सकता है कि सिवनी जिला इस बारे में नंबंर एक बन गया हो जहां मुख्यमंत्री द्वारा की गयी सबसे ज्यादा घोषणायें पूरी ना हुयीं हों। 
चुनावी साल में बजट के पहले और बजट सत्र के दौरान भी भाजपा के किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस बाबद कोई प्रयास नहीं किया कि शिवराज की एकाध सौगात ही शिव की नगरी सिवनी को मिल जाये।   
सा. दर्पण झूठ ना बोले से साभार

No comments: