Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

11.9.17

काम करवाती हूं, पर श्रेय लेना नहीं आता: किरण खेर


चंडीगढ़। शहर की सांसद किरण खेर के ‘तीन साल काम बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को रामदरबार में एक समारोह का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ की कालोनियों के निवासियों को मालिकाना हक दिलवाने तथा उनके मकानों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड में कन्वर्ट करवाने की मंजूरी दिलाने के लिए राम दरबार में रहने वाले लोगों ने खेर का धन्यवाद किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए खेर ने कहा कि लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड की मंजूरी दिलाना आसान नहीं था। इसके लिए दिल्ली में बहुत मेहनत करनी पड़ी। दो तीन मंत्रालयों से कागज निकलवाने पड़े। लेकिन, मुझे खुशी है कि इस काम को अंजाम तक पहुंचा दिया। खेर ने कहा कि काम करवा कर श्रेय लेना उन्हें नहीं आता। आप सबके काम तो ऊपर वाला करवाता है। मैं तो सिर्फ एक माध्यम हूं।


खेर ने कहा कि यहां लेने वाले बहुत से लोग दूसरे प्रदेशों से आए हैं। अपने अपने घर छोड़कर यहां रहने के लिए आए हैं। आपके दुख दर्द समझना हमारा फर्ज है। जो काम करवा सकते हैं उन्हें काम करवाने में खुशी मिलती है। उन्होंने कहा कि बहुत सारी समस्याएं कालोनियों की है। हर कालोनी की अलग समस्या है। इन सभी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। खेर ने कहा कि मौलीजागरां तो उनका मायका है। उन्होंने कहा, वैसे तो मेरा घर सेक्टर-8 में हैं। लेकिन, मौली जागरां को मैं भूल नहीं सकती हूं। वहां मेरा भाई अनिल दूबे रहता है। खेर ने कहा कि राम दरबार के लोगों से उन्हें बहुत प्यार मिलता है। जब भी उन्हें बुलाया जाता है वह यहां जरूर आती हैं। दशहरा पर रावण का वध करने के लिए उन्हें राम दरबार के लोग बुलाते हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री देश को बहुत ही सौभाग्य से मिलता है।
खेर ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी बाकी सभी समस्याओं पर काम चल रहा है। भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व हिमाचल प्रदेश के प्रभारी सहदेव सलारिया ने भी लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर कई पार्षद भी उपस्थित थे। ध्यान रहे कि इससे पहले खेर ने सेक्टर-52 व मौलीजागरां में विशाल जनसभा को संबोधित किया था।

No comments: